दिल्लीः 'आप' विधायक नरेश यादव पर जानलेवा हमला, कार्यकर्ता की मौत, एक गिरफ्तार

दिल्लीः 'आप' विधायक नरेश यादव पर जानलेवा हमला, कार्यकर्ता की मौत, एक गिरफ्तार

आम आदमी पार्टी (आप) के महरौली विधायक नरेश यादव के काफिले पर हमला किया गया है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक जब यादव मंदिर से वापस आ रहे थे, उनके काफिले पर अरुणा आसफ अली मार्ग पर  हमला किया गया। इस मामले में एफआईआर  दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार इस हमले में आप के कार्यकर्ता अशोक मान की मौत हो गई। इस हमले में एक अन्य कार्यकर्ता घायल हो गया। नरेश पर गोलियों से हमला उस वक्त हुआ जब वह चुनाव के नतीजे आने के बाद मंदिर से वापस लौट रहे थे।

हमले के बाद नरेश यादव ने कहा कि घटना वास्तव में दुर्भाग्यपूर्ण है। मुझे हमले का कारण नहीं पता लेकिन यह अचानक हुआ। करीब चार राउंड फायर किए गए। जिस वाहन में मैं था, उस पर हमला किया गया। मुझे यकीन है कि अगर पुलिस सही तरीके से पड़ताल करती है तो हमलावर की पहचान हो सकेगी।

हमले को लेकर आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता संजय सिंह ने दिल्ली पुलिस पर हमला किया है। संजय ने कहा कि महरौली विधायक नरेश यादव के काफिले पर हमला, अशोक मान की सरेआम हत्या, ये है दिल्ली में कानून का राज, मंदिर से दर्शन करके लौट रहे थे नरेश यादव।

दिल्ली पुलिस ने भी मौत की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक दिल्ली के किशनगढ़ फोर्टिस चौक के पास से आम आदमी के विधायक नरेश यादव का काफिला गुजर रहा था। उसी वक्त कुछ हमलावरों ने काफिले में मौजूद दो लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।