छत्तीसगढ़: सुकमा में 17 शहीद जवानों के शव बरामद, नक्सिलयों से मुठभेड़ में हुए थे लापता

छत्तीसगढ़: सुकमा में 17 शहीद जवानों के शव बरामद, नक्सिलयों से मुठभेड़ में हुए थे लापता

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में लापता 17 जवानों के शव बरामद कर लिए गए हैं। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि सुरक्षा बल ने 17 जवानों के शवों को बरामद कर लिया है तथा उन्हें जंगल से बाहर निकाला जा रहा है। जवान नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए हैं।

सुंदरराज ने बताया कि शनिवार (21 मार्च) को सुकमा जिले के एलमागुड़ा में नक्सली गतिविधियों की सूचना के बाद चिंतागुफा, बुरकपाल और तिमेलवाड़ा से डीआरजी, एसटीएफ और सीआपीएफ के कोबरा बटालियन के छह सौ जवानों को रवाना किया गया था। उन्होंने बताया कि जब सुरक्षा बल के जवान मिनपा गांव के जंगल में थे तब लगभग 250 की संख्या में नक्सलियों ने जवानों पर हमला कर दिया। इस घटना में 15 जवान घायल हो गए थे। लगभग ढाई घंटे तक दोनों ओर से गोलीबारी होने के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए थे।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना के बाद 17 जवान लापता हो गए थे। बाद में सुरक्षा बलों ने लापता जवानों की खोज में खोजी अभियान चलाया था। आज लापता जवानों के शव बरामद कर लिए गए। शहीद जवानों के शवों को जंगल से बाहर निकाला जा रहा है।

राज्य के मंत्री सिंहदेव ने रविवार (22 मार्च) को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए 17 जवानों के शहीद होने की पुष्टि की है। इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए, 17 जवानों के लापता होने की पुष्टि की थी। बाद में इन सभी जवानों की शहादत की पुष्टि हुई। 

उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के हमले का जवाब दिया। सूत्रों से पता चला है कि नक्स्ली बड़े पैमाने पर आधुनिक हथियार भी लूट कर ले गए हैं। वहीं मुठभेड़ में घायल हुए 14 जवानों का रायपुर के अस्पताल में इलाज जारी है। इनमें से दो की हाल गंभीर बनी हुई है। इन घायलों को देखने मुख्यमंत्री बघेल रामकृष्ण केयर अस्पताल पहुंचे।